Tuesday, 23 January 2018

निशान

टूटे हैं बार-बार जहाँ वादों के आइने,
उन स्वार्थों की बेरहम चट्टान आदमी !
दोस्ती में जो उतर गया है दुश्मनी का रंग,
अपनी ही उलझनों से परेशान आदमी !
वर्तमान के दोराहे पे चलने लगे हैं हम,
कीचड़ के ताल में धुला परिधान आदमी !
दोष किसे दूं ! ऐ जिंदगी मुझे खुद पे है भरम,
सब अपने हैं पर अपनों से अनजान आदमी !
अभीतक कहीं पे प्यार की खुशबू नहीं मिली,
इक वेश्या के अधरों की मुस्कान आदमी !
सुधरने की राह पर उजड़े हुए वतन को
गुलजार करने की प्रतीक्षा में परेशान आदमी !
प्रकृति हमसे कुछ कहती है अकेले में,
एक तरफा ही कर रहा युद्ध विराम आदमी !
वो बात आजतक भी मैं भूल नहीं पाया,
जो कर रहा अकेला, कितना महान आदमी !
काश हम जात-पात से बाहर आ पाएं !
मिल जाती राहत, छोड़ जाता निशान आदमी !
।। श्री परमात्मने नमः।।

Monday, 22 January 2018

जर्जर नाव

हो गई है नाव जर्जर उफनती जलधार है,
हम समंदर बीच हैं और तीर पर पतवार है!
इस धरा पर भूख से व्याकुल मनुज साकार है,
हमने देखा भरे जल में आजकल अंगार है!
गली-गली से राजपथ तक फैलता अंधियार है,
भोग-लिप्सा ही तो केवल आजकल स्वीकार है!
स्वप्न में देखा गया है उजड़ता दरबार है,
सत्यान्वेषी मनुज भी, आजकल दो-चार हैं!
सत्य की बलिदान होती, जीना यहाँ बेकार है ;
पा जायेंगे हम लक्ष्य जिसदिन वही तो संसार है!
गणतंत्र के पावन दिवस नैया पड़ी मझधार है,
गणतंत्र की इस पीर से सबलोग शर्मसार हैं!
चौड़ी दरारों पर यहाँ अब उठ रही दीवार है,
कथनी-करनी में है अंतर कैसा कारोबार है ?
नैया है मझधार मालिक ! तीर पर पतवार है,
हे प्रभु! अब तो संभालो तेरा ही दरकार है !
।। श्री परमात्मने नमः।।

Sunday, 21 January 2018

विनती

जाड़े के मौसम में अपराधों की बाढ़ आई है,
राम-राज्य की बातें अब क्यों नहीं देती सुनाई है?
बदली नहीं खबरें अख़बारों में हाहाकार जारी है,
जड़ें भी हिल नहीं पाई गुंडों की व्यापार जारी है।
रौशनी की उम्मीदों में चिराग उम्मीदों का जलाया है,
है अमावस की रात बाक़ी अभी अंधेरा का साया है।
ये फिंजां ये बहारें बदलने का समय नहीं हो रहा साकार,
हे राधे-कृष्ण! सुनो विनती फिर से आ जाओ एकबार!
।। श्री परमात्मने नमः।।

Saturday, 20 January 2018

मानव-श्रृंखला

*शराब बंदी* *बाल-विवाह-मुक्ति* और *दहेज-मुक्ति* को लेकर आज *बिहार* में *मानव-श्रृंखला* की चर्चा जोरों पर है। मेरी भी एक याचना है कि *अफसरशाही-उन्मूलन* और *भ्रष्टाचार-उन्मूलन* के लिए भी *मानव-श्रृंखला* का निर्माण लाजिमी है तभी हमारा *बिहार* गौरव के *उत्तुंग-शिखर* पर चढ़ सकेगा।
।। श्री परमात्मने नमः।।

Friday, 19 January 2018

दु:खी रहने के कारण

अखंड-कीर्तन करने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है फिर भी हम दु:खी हैं और...
*दुखी रहने के कारण*
-----------------------------
1. देर से सोना देर से उठना.
2. लेन-देन का हिसाब नहीं रखना.
3. कभी किसी के लिए कुछ नहीं करना.
4. स्वयं की बात को ही सत्य बताना.
5. किसी का विश्वास नहीं करना.
6. बिना कारण झूठ बोलना.
7. कोई काम समय पर नहीं करना.
8. बिना मांगे सलाह देना.
9. बीते हुए सुख को बार-बार याद करना.
10. हमेशा अपने लिए सोचना.
दिमाग ठंडा हो, दिल में रहम हो, जुबान नरम हो और आँखों में शर्म हो तो फिर सब कुछ आपका  है।
।। श्री परमात्मने नमः।।

Thursday, 18 January 2018

यज्ञ

चाहे कोई कितना भी यज्ञ करे, कितना भी अनुष्ठान करे, कितना भी दान करे, कितनी भी भक्ति करे लेकिन जब तक मन में प्राणी मात्र के लिए प्रेम नहीं होगा, प्रभु से मिलन हो ही नहीं सकता।
।। श्री परमात्मने नमः।।

Wednesday, 17 January 2018

आत्म-स्वरूप

सर्वशक्तिमान आप हैं परन्तु अपने-आप को विस्मरण कर चुके हैं। हम आनंद की खोज में भटक चुके हैं। ऊपर से नीचे गिर गए हैं। पुनः नीचे से ऊपर उठने की प्रक्रिया को ही आत्म-दर्शन कहा गया है। इसीलिए पुन: अपने स्वरुप की प्राप्ति हेतु हमें सांसारिक रुप में अवस्थित होना पड़ा। मानव-तन की प्राप्ति इसी हेतु हुई है। इसबार भी सांसारिक-पथ पर अगर हम मार्ग भूल जाएं तो समझिए हमारा सर्वनाश सुनिश्चित है लेकिन कोई अगर भक्ति और प्रेम के पथ में भटक जाए तो कल्याण ही हो जाए..! अब प्रश्र उठता है कि भक्ति और प्रेम है क्या ? बस सम्यक भाव से कर्त्तव्यों का निर्वहन ही भक्ति और प्रेम है। कहा भी गया है कि कर्म किए जा फल की चिंता मत कर ऐ इंसान, जैसा कर्म करेगा वैसा फल देगा भगवान...! भगवान को खोजने मत जाइए, कहाँ खोजिएगा भगवान को ? हमसबों को तो कुछ अता-पता भी नहीं है परंतु हमें सदैव नैतिकता पूर्ण अपने कर्त्तव्य-पथ पर अग्रसर रहना चाहिए। हमें तो भगवान की प्रतीक्षा न कर केवल अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करते रहना चाहिए। वो तो खुद खोजते-खोजते हमारे द्वार पर आकर खड़े हो जायेंगे। जैसे शबरी को खोजते-खोजते भगवान स्वयं उसके कुटिया पर आ गए थे।
।। श्री परमात्मने नमः।।