नमस्कार!
इस ब्लॉग पर संप्रेषित मेरा विचार आपको कैसा लगता है? संप्रेषण तो सर्वमान्य कदापि नहीं हो सकता और नहीं मैं सबको खुश कर सकता हूँ. कमेंट करनेवाले न जाने किस भाव से कमेंट करते हैं और पढ़ने वाले न जाने किस भाव से पढ़ते होंगे. मैं नतो किसी राजनीतिक दल का हिमायती हूँ न किसी का विरोधी. हाँ इतना जरुर है कि मैं राष्ट्र के समग्र जनता के विकास का हिमायती हूँ. मैं आध्यात्मिक परिवेश को अधिक पसंद करता हूँ तो आइए हम अपना व्यवहार इस तरह बनाएं कि वह गणित के शून्य की तरह हो ताकि किसी के साथ जुड़ने पर उसकी कीमत बढ़ जाये ताकि लोकतांत्रिक प्रणाली के सिसकते साज को नई आवाज मिले परंतु हमें ऐसा एहसास हो रहा है कि न जाने कौन सुनेगा किसे सुनाऊं व्यथा-कथा अरमान की, परस्पर *राजनेता* लड़ते जनता सुखी नहीं *हिंदुस्तान* की...?
।। श्री परमात्मने नमः।।
Tuesday, 9 January 2018
मेरा विचार
Monday, 8 January 2018
समाधान क्यों नहीं?
प्रणाम सर जी!
किसी भी प्रकार के बुराइयों की सूचना तो दी जा सकती हैं परंतु अक्सर देखा गया है कि सूचक का नाम शिकायत-कर्त्ता के रूप में सार्वजनिक हो जाता है और बेचारा लोगों की नजरों से गिर जाता है फिर उसे खामियाजा भी भुगतना पड़ता है। जाहिर है कि कोई भी व्यक्ति शिकायत करने से डरता है। वास्तव में यदि शिकायत-कर्त्ता का नाम गुप्त रखा जाय और शिकायतों का निराकरण किया जाय तो हमारे समाज में बुराइयों का खात्मा सुनिश्चित है। बाल-विवाह क्या? शौचालय निर्माण में घोटाला क्या? शराब का धंधा क्या? दहेज लेना और देना क्या? इन सबों की जानकारी प्राय: लोगों को ज्ञात रहती है लेकिन उसके समाधान के लिए किसको पड़ी है। पुलिस को पता नहीं है कि शराब कहाँ चुलाई जाती है? हाँ जब ज्यादा दबाव पुलिस पर पड़ती है तभी वह सुगबुगाती है। मैं दावे के साथ कह सकता हूँ कि जबतक बिहार में पुलिस-प्रशासन चुस्त-दुरुस्त नहीं होगी तबतक सामाजिक बुराइयों का अंत असंभव है। मैं यह भी जानता हूँ कि फेसबुक पर ऐसी पोस्टिंग करके बेकार की मगजमारी करता हूँ। कुछ होना-जाना तो है नहीं ? फिर भी फेसबुक मित्रों की मांग को देखते हुए ऐसा करना पड़ता है। हम तो फेसबुक पर पोस्ट करना भी छोड़ दिए थे क्योंकि इससे कुछ होता नहीं है। मैंने कल पीएमओ को ऑनलाइन शिकायत की है। ई-मेल भी किया हूँ। संप्रति हिंदुस्तान में केवल और केवल राजनेताओं को प्रशंसा चाहिए उन्हें शिकायतों के समाधान से कोई मतलब नहीं है। धन्य हो ऐसे लोकतांत्रिक प्रणाली का....! विशेष अगले कड़ी में--->
।। श्री परमात्मने नमः।।
Sunday, 7 January 2018
पहल
प्रजातांत्रिक प्रणाली की ललकार....
मत कीजिए इसे इनकार.....
चाहे किसी की हो सरकार.....
संप्रति जनता की यही पुकार......
सरकार क्यों नहीं करती चोरों पर वार .....?
ओ! शायद इनको रहना है दिन-चार.....!
अपने सामान की रक्षा स्वयं करो भाई....
इस पर करो विचार.....!
पीएमओ, डीएम, थानाध्यक्ष को
शिकायत करना भी है बेकार....?
देख रहे हैं न गोपालबाद गाँव में
ट्रैक्टर की चोरी हो रही बार-बार.....!
।। श्री परमात्मने नमः।।
Saturday, 6 January 2018
खुशहाली
चारों ओर बर्फीली हवा से शीतलहर है जारी
पकड़े कौन चोर को भाई किसे पड़ी दरकारी
त्राहिमाम कर रहे चोर से लोग जहाँ
हाथ पे हाथ रखे बैठी है पुलिस वहाँ
बाल-विवाह उन्मूलन की है हो रही तैयारी
शौचालय घोटाले में तब होती मारामारी
मिड-डे मील में हो रही है घपले की आशंका
शिक्षा में अव्वल बिहार है बाज रही है डंका
मीडिया भागे नेता पीछे, बेटा पीछे बाप
सूरज ठिठुर रहा है देखो चाँद उगलता ताप
छोड़ पढ़ाई चलो सड़क पर नारे खूब लगाओ
उन नारों को दीवारों पर जगह-जगह चिपकाओ
शराबबंदी सफल हुआ अब बाल-विवाह को रोको
दहेज-विरोधी नारों में अपनी शक्ति को झोंको
अब मुकाम है दूर नहीं जन-जन की यही पुकार
होगा फिर खुशहाल हमारे गाँव का हर परिवार
।। श्री परमात्मने नमः।।
Friday, 5 January 2018
किरण
आर्यावर्त २६ जनवरी १९८१ में प्रकाशित
* किरण भर दो *
" पोद्दार रामावतार अरुण "
तुम मेरे मुरझाये मन में
फिर से आनंद-किरण भर दो !
पर-कटी चिड़ैया-सी मेरी
आकुल-व्याकुल जीवित आशा
दु:ख की ज्वाला से झुलस गयी
रसमय मेरी अपनी भाषा
तुम मेरे जर्जर जीवन में
फिर से नूतन जीवन भर दो ?
कोयल कोई भी नहीं कहीं
जो मेरे पतझड़ में कूके
मर्मस्थल में जो व्यथा छिपी
वह कौन कि जो देखे छूके
तुम मेरी नंगी डालों में
फिर से दो-चार सुमन भर दो !
प्राणों में पीड़ा-ही-पीड़ा
हर क्षण अंगार उगलती है
मन के कोने में किंतु अभी
दीपिका प्रेम की जलती है
तुम मेरी मूर्छित साँसों में
फिर से स्वच्छंद झनन भर दो !
Wednesday, 3 January 2018
तुलनात्मक
२६ जनवरी १९८१ "आर्यावर्त"
* लोकतंत्र-परलोकतंत्र *
(श्री रामदयाल पांडेय)
अनुस्यूत परलोकतंत्र से
क्यों न देशका लोकतंत्र हो ?
क्या इहलोक-भोग तक सीमित
दृष्टि कभी होती विशाल है ?
क्या हिमगिरिके तुंग शिखर तक
ही सीमित गति-प्रगति-भाल है ?
दमित-विजित जो हो न सकेगा,
रिपु क्या ऐसा भी कराल है ?
क्या दिक्काल करेंगे शासित ?
कालजयी भारत मराल है ;
तभी स्वस्थ है लोकतंत्र, जब
मानवका चिंतन स्वतंत्र हो।
अहित किसीका कभी काम्य क्या ?
सदा सर्वहित ही मनुजोचित ;
प्रेय श्रेयसे अनुस्यूत हो,
यही उभय लोकों में वांछित ;
और, सदा परमार्थ निहित ही
स्वार्थ काम्य हो सकता है नित ;
सीमित शक्ति सदा सत्ताकी,
पर, आत्माकी शक्ति असीमित ;
सदा लोकहित और लोकसुख
लोकतंत्रका मूल मंत्र हो।
नोट:--> तुलनात्मक अध्ययन की आवश्यकता है तब में और अब में ....!
Tuesday, 2 January 2018
अवैध चुनाव
हमको यह बात समझ में नहीं आ रहा है कि जब नालंदा जिला स्थित सरमेरा प्रखंड में ग्राम पंचायत चुनाव संबंधित परिसीमन पूर्व से ही उपलब्ध नहीं है तो 2016 में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव संपन्न कैसे किया गया? धन्य हो सुशासन बाबू के गृह जिले की ऐसी स्थिति का....? ऐसे में तो उक्त पंचायत के सारे जनप्रतिनिधियों का चयन अवैध होना चाहिए। हाय रे..! लोकतंत्र का करिश्मा...? भगवान बचाए उक्त पंचायत को....! प्रत्यक्षं किं प्रमाणं? नीचे दिए गए तस्वीर का अवलोकन करने से मामला स्पष्ट दृष्टिगोचर हो जायेगा।
।। श्री परमात्मने नमः।।